रांची
रांची जिला ग्रामीण कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में संगठन सृजन एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम 2025 का आयोजन आज पुराने विधानसभा सभागार में हुआ। इस अवसर पर रांची ग्रामीण और खूंटी जिला के प्रखंड पर्यवेक्षक, प्रखंड अध्यक्ष एवं नवनियुक्त मंडल अध्यक्षगण शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद मंडल अध्यक्षों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राकेश किरण महतो ने की।
प्रशिक्षण सत्र में संगठनात्मक दिशा-निर्देश दिए गए और पार्टी की विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर ज़ोर दिया गया। कार्यक्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, पूर्व मंत्री बादल पत्रलेख, विधायक राजेश कच्छप और नमन विक्सल कौनगाड़ी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

संगठन सशक्तिकरण और सामाजिक न्याय पर दिया गया विशेष ज़ोर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देशानुसार 2025 को संगठन सृजन वर्ष घोषित किया गया है, जिसके तहत झारखंड में लगातार यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो ओबीसी, आदिवासी, दलित और गरीब सवर्ण समाज की आवाज़ उठा रही है। विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र को खत्म कर रही है और कांग्रेस इसके खिलाफ डटकर खड़ी है। उन्होंने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा और जाति जनगणना को सामाजिक न्याय के लिए जरूरी कदम बताया। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने संगठन को गांव-गांव तक ले जाने का आह्वान करते हुए कहा कि सरना धर्म कोड और पेसा कानून पर जागरूकता बढ़ाने की ज़रूरत है।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राकेश किरण महतो ने किया और धन्यवाद ज्ञापन खूंटी जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि मिश्रा ने किया। मौके पर कांग्रेस के कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
